लखनऊ ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के रेहड़ थाने में तैनात महिला आरक्षी और हेड कांस्टेबल के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अभिषेक झा ने तत्काल जांच के आदेश दिए और प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यशैली और वर्दी की मर्यादा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, जिसमें रेहड़ थाने में तैनात महिला कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस विभाग में हलचल मच गई। मामला संज्ञान में आते ही एसपी अभिषेक झा ने सीओ अफजलगढ़ आलोक कुमार को जांच सौंपी और जल्द से जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। जांच के दौरान वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि होने के बाद सीओ ने अपनी रिपोर्ट एसपी को भेजी, जिसके आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक वायरल वीडियो पुलिस के कई व्हाट्सएप ग्रुपों में भी प्रसारित हुआ, जिससे मामला तेजी से फैल गया। हालांकि संवेदनशीलता को देखते हुए मीडिया संस्थान इस वीडियो को सार्वजनिक रूप से प्रसारित नहीं कर रहे हैं और इसकी स्वतंत्र पुष्टि से भी परहेज कर रहे हैं। जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि वीडियो थाने के भीतर बनाया गया या किसी निजी स्थान पर, साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वीडियो किसी व्यक्तिगत विवाद या ब्लैकमेल की मंशा से तो वायरल नहीं किया गया।







