भोपाल कार्यालय
पश्चिम रेलवे के डीआरएम अश्विन कुमार ने गुरुवार को ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन और यहां चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि नवंबर 2026 तक खंडवा से ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन तक ट्रेनों का संचालन शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। डीआरएम ने बताया कि ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। कुछ आवश्यक तैयारियां और शेष हैं, जिन्हें जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद खंडवा की ओर से यात्री ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ होगा।
सिंहस्थ 2028 तक बलवाड़ा तक ट्रेन पहुंचाने की कोशिश
डीआरएम ने कहा कि ओंकारेश्वर रोड से महू-अंबेडकर नगर तक रेल लाइन का काम अभी पूरा होने में समय लगेगा। रेलवे की कोशिश है कि सिंहस्थ 2028 से पहले बलवाड़ा तक रेल लाइन का काम पूरा कर वहां तक ट्रेन संचालन शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि बलवाड़ा तक ट्रैक तैयार करने और ट्रेन चलाने के लिए रेलवे लगातार प्रयास कर रहा है। हालांकि इंदौर और बलवाड़ा के बीच पहाड़ी क्षेत्र, घने जंगल और अन्य तकनीकी एवं पर्यावरणीय परिस्थितियां बड़ी चुनौती हैं। इन क्षेत्रों में निर्माण कार्य के लिए विभिन्न स्तरों पर अनुमति और तकनीकी प्रक्रियाओं का पालन करना पड़ रहा है।
नासिक-त्र्यंबकेश्वर के लिए भी बढ़ेगी कनेक्टिविटी की उम्मीद
पत्रकारों ने डीआरएम से पूछा कि क्या भविष्य में ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन से नासिक-त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के लिए सीधी ट्रेन शुरू हो सकती है। इस पर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विभिन्न स्थानों से ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं पर काम किया जाएगा। इससे ओंकारेश्वर को देश के अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों से रेल मार्ग के जरिए जोड़ने की उम्मीद बढ़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बीच ओंकारेश्वर के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है।








