जबलपुर/कटनी. मध्यप्रदेश के कटनी की नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) नेहा पच्चीसिया के खिलाफ धोखाधड़ी, पद के दुरुपयोग और आपराधिक सांठगांठ के आरोप में FIR दर्ज हुई है. भोपाल सतर्कता शाखा की शिकायत पर आईजी जबलपुर जोन के निर्देशानुसार कुठला थाने में यह कार्रवाई की गई. मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद एफआईआर दर्ज की गई है.
82 लाख की जमीन 18.20 लाख में खरीदी
मामला कुठला थाना क्षेत्र की खसरा नंबर 2618/1 की जमीन से जुड़ा है. शासकीय गाइडलाइन के मुताबिक जमीन की कीमत 82 लाख 86 हजार रुपए से अधिक थी. आरोप है कि पुलिसिया दबाव बनाकर इसकी रजिस्ट्री सिर्फ 18.20 लाख रुपए में कराई गई. इसमें 15 लाख रुपए चेक और 3.20 लाख रुपए नकद दर्शाए गए.
रजिस्ट्री के दिन दूसरे खातों से आए 15 लाख
जबलपुर की एएसपी अनु बेनीवाल की जांच में सामने आया कि कागजों में खरीदार बने मारूफ अहमद हनफी के बैंक खाते में पर्याप्त राशि नहीं थी. 15 अप्रैल 2026 को रजिस्ट्री के दिन उसके खाते में शाइन पार्टनर्स से 10 लाख और क्षितिज राज बारापात्रे के खाते से 5 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए थे.
जांच में दोनों खातों में एक पैन नंबर मिला
जांच में दोनों खातों में एक ही पैन नंबर दर्ज होने की बात भी सामने आई. पुलिस ने इसे संदिग्ध सांठगांठ और फर्जीवाड़े से जोड़ते हुए संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. बता दें सीएसपी नेहा पर ट्रांसफर से अवैध वसूली के आरोप लगने के बाद कटनी एसपी ने उनसे 3 थानों का प्रभार छीन लिया था.
हाईकोर्ट से नहीं मिल सकी थी राहत
सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने एफआईआर के खिलाफ मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी. याचिका खारिज होने के बाद भोपाल सतर्कता शाखा की शिकायत पर कुठला थाने में एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने अब मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.


