सागर। पुलिस को लेकर विद्यार्थियों के मन में बनी झिझक दूर करने और उन्हें कानून व सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए सागर पुलिस की ‘सृजन संवाद योजना’ का दूसरा कार्यक्रम शुक्रवार को हुआ। सांदीपनी स्कूल सागर की छात्राओं से महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराध और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर संवाद किया गया। वहीं सांदीपनी स्कूल बांदरी के छात्र-छात्राओं को थाना बांदरी और थाना गोपालगंज का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि अपराध या किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी तरह की असुरक्षा महसूस होने पर बिना संकोच पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।
छात्राओं ने पूछे सवाल, पुलिस अधिकारियों ने दिए जवाब
सांदीपनी स्कूल सागर में महिला अधिकार एवं सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, हेलमेट की अनिवार्यता, यातायात नियम और पुलिस सहायता व्यवस्था की जानकारी दी गई। छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से कई सवाल पूछे, जिनके सरल और व्यवहारिक जवाब दिए गए।
महिला थाना प्रभारी संतोषी कनासिया ने छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों में पुलिस की भूमिका और उपलब्ध सहायता व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय पुलिस तक पहुंचाना जरूरी है।
थाने में देखा पुलिस का कामकाज
सांदीपनी स्कूल बांदरी के विद्यार्थियों ने थाना बांदरी और गोपालगंज थाने का भ्रमण कर पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा। थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह गुर्जर ने विद्यार्थियों को शिकायत प्राप्त करने और पंजीयन, विवेचना, अभिलेख संधारण, महिला संबंधी मामलों की कार्रवाई और पुलिस सहायता व्यवस्था के बारे में जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सवाल पूछकर थाने में होने वाले कामकाज को समझा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस का प्रमुख उद्देश्य आमजन की सुरक्षा और सहायता करना है।
हर दूसरे दिन 100-100 विद्यार्थियों से संवाद
सृजन संवाद योजना के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से विद्यार्थियों को जोड़ा जा रहा है। हर दूसरे दिन करीब 100-100 विद्यार्थियों को संवाद, प्रशिक्षण, जागरूकता गतिविधियों और पुलिस संस्थानों के भ्रमण से जोड़ा जाएगा।
इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून की समझ, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सुरक्षा के प्रति सजगता और नागरिक दायित्व की भावना विकसित करना है।
05 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान
सागर पुलिस के अनुसार ‘सृजन संवाद योजना’ 5 से 17 अगस्त 2026 तक चलेगी। आगामी कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, यातायात नियम, कानून और नागरिक दायित्वों के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली से भी परिचित कराया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में आयोजन
अभियान पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में संचालित हो रहा है। एएसपी नरेंद्र सोलंकी योजना के नोडल अधिकारी हैं और गतिविधियों का समन्वय कर रहे हैं।


