बस से सफर हुआ महंगा: प्रदेश में न्यूनतम किराया अब ₹10, एसी-लग्जरी बसों में 75% तक ज्यादा देना होगा

भोपाल। मध्यप्रदेश में बस यात्रियों के लिए सफर अब पहले से महंगा हो जाएगा। राज्य सरकार के परिवहन विभाग ने मंजिली बसों के लिए नया अधिकतम यात्री किराया निर्धारित करते हुए इसका राजपत्र जारी कर दिया है। नई व्यवस्था के अनुसार सामान्य बसों का मूल किराया ₹2 प्रति यात्री प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है, जबकि न्यूनतम टिकट किराया ₹10 रहेगा। नई दरें लागू होने के बाद प्रदेशभर में निजी बस संचालकों की किराया सूची भी अपडेट होगी।
सरकार ने बसों की श्रेणी के अनुसार अधिकतम किराया बढ़ाने की सीमा भी तय कर दी है। सामान्य बसों की तुलना में डीलक्स, स्लीपर, एसी और सुपर लग्जरी बसों में यात्रियों को अलग-अलग श्रेणी के अनुसार अधिक किराया देना होगा। हालांकि सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी बसों में अलग से नाइट चार्ज नहीं लिया जाएगा और एक्सप्रेस बसों पर भी अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाएगा।
ऐसे बढ़ेगा विभिन्न श्रेणियों की बसों का किराया
सामान्य बस: ₹2 प्रति यात्री प्रति किमी (न्यूनतम टिकट ₹10)
रात्रिकालीन सामान्य बस: सामान्य किराए से 10% अधिक
डीलक्स (नॉन एसी): 25% अधिक
स्लीपर बस: 40% अधिक
डीलक्स (एसी): 50% अधिक
सुपर लग्जरी एसी कोच: 75% अधिक
यात्रियों को राहत भी
नए नियमों में सरकार ने कुछ राहत भी दी है। डीलक्स, स्लीपर और सुपर लग्जरी बसों में अलग से नाइट चार्ज नहीं लिया जाएगा। इसी तरह एक्सप्रेस बस सेवाओं के नाम पर यात्रियों से कोई अतिरिक्त शुल्क वसूलने की अनुमति नहीं होगी।
बस संचालकों ने जताई राहत, यात्रियों पर बढ़ेगा बोझ
लंबे समय से डीजल, स्पेयर पार्ट्स, बीमा, टैक्स और कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए निजी बस संचालक किराया संशोधन की मांग कर रहे थे। नए किराया ढांचे से परिवहन कंपनियों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन दूसरी ओर रोजाना बस से सफर करने वाले लाखों यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को पहले की तुलना में अधिक किराया चुकाना होगा।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!