छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर में केंद्रीय मंत्री व टीकमगढ़ सांसद के प्रतिनिधि ने उस वक्त हंगामा खड़ा कर दिया, जब मंत्री को छोड़ कर छतरपुर वापस आ रहे थे. टोल प्लाजा पर सांसद प्रतिनिधि की कार रोक दी गई. बीजेपी नेता ने चुपचाप टोल देने के बजाए, मंत्री का नाम बताया, लेकिन टोल प्लाजा ने बिना पैसे के नहीं निकलने दिया. जिसको लेकर विवाद खड़ा हो गया और केंद्रीय मंत्री के पूर्व प्रतिनिधि टोल प्लाजा कर्मियों को मंत्री की धौंस दिखाते नजर आए.
भाजपा नेता संजू बरसैया के हंगामा करने का एक वीडियो सामने आया है. दरअसल, यूपी और मध्य प्रदेश की सीमा के बीच मऊरानीपुर मार्ग स्थित लुहारी टोल प्लाजा पर टोल टैक्स को लेकर भाजपा नेताओं और टोल कर्मचारियों के बीच जमकर विवाद हो गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें पूर्व सांसद प्रतिनिधि संजू बरसैया सहित कई भाजपा नेता टोल कर्मचारियों से बहस ओर रंगदारी करते नजर आ रहे हैं. विवाद काफी देर तक चलता रहा, जिससे टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई.
टोल मांगने पर नाराजगी
बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक छतरपुर से झांसी बीते दिनों गए हुए थे. मंत्री को उनके पूर्व प्रतिनिधि संजू बरसैया ने झांसी रेलवे स्टेशन छोड़ा था. संजू बरसैया कहते हैं जब उसी कार से मंत्री को छोड़ा तो कोई टोल नहीं लगा, लेकिन जब वापस आने लगे तो टोल मांगने लगे. उन्हें टोल शुल्क में छूट मिलनी चाहिए. इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री का नाम लेते हुए कई वरिष्ठ नेताओं और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को फोन भी घुमाया, लेकिन कोई काम नहीं आया, तो वहीं टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने स्पष्ट रूप से नियमों का हवाला देते हुए बिना टोल शुल्क लिए वाहन को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया.
नेताओं ने अपने टोल न देने वरिष्ठ नेताओं को लगाया फोन
कर्मचारियों का कहना था कि निर्धारित नियमों के अनुसार टोल शुल्क का भुगतान किए बिना, किसी वाहन को नहीं छोड़ा जा सकता. विवाद बढऩे पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. वीडियो में भाजपा नेता संजू बरसैया टोल कर्मियों से बहस करते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान वाहन को आगे बढऩे से रोक दिया गया लिहाजा स्थिति तनावपूर्ण हो गई. इस घटना के दौरान भाजपा नेता अप्पू राजा सोनी भी मौके पर मौजूद थे. नेताओं ने कई बार अपने नेताओं सहित केंद्रीय मंत्री को फोन लगाया, लेकिन कोई टोल में छूट नहीं मिली.


