किसान पर फायरिंग करने वाला पंडित धीरेन्द्र शास्त्री का भाई गिरफ्तार

छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. शालिग्राम गर्ग पर किसान पर गोली चलाने का आरोप है. फायरिंग विवाद में दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस ने शालिग्राम गर्ग और अंकित मिश्रा को गिरफ्तार किया है.

छतरपुर के एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने बताया कि फायरिंग की घटना में कुल 4 आरोपी शामिल थे, जिनमें 3 नामजद और एक अज्ञात आरोपी है. गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. वहीं दूसरे आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

शालिग्राम गर्ग पर गोली मारने का आरोप

राजनगर थाना इलाके के कोड़ा गांव में 14 जुलाई को फायरिंग हुई थी. घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग ने उन्हें गोली मारी है. जमीन बेचने से इनकार करने पर विवाद के बाद शालिग्राम गर्ग ने फायरिंग की. किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र के किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है. इनकार करने पर मारपीट और धमकी दी जाती है.

घायल किसान जिला अस्पताल में भर्ती

किसान का आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग ने एक के बाद एक 3-4 फायर किए. एक गोली उनके कान को छूकर निकली और वे लहूलुहान हो गए. परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल आए.

धीरेंद्र शास्त्री बोले- भाई से हमारा कोई लेना-देना नहीं

पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि शालिग्राम जी के बारे में हम 3 साल पहले कह चुके हैं कि हमारा कोई उनसे लेना-देना नहीं है. वैसे भी परिवार से हमारा कोई लेना-देना नहीं है. पूरा विश्व हमारा परिवार है. पूरा समाज हमारा परिवार है. हम राष्ट्र के लिए जीते हैं, सनातन के लिए जीते हैं. छतरपुर जिला और हमारा परिवार बहुत बड़ा है तो कुछ न कुछ यहां होता रहता है. कानून दंड दे. उन पर कानूनी कार्रवाई हो. उन पर जो उचित से उचित दंड हो सकता है, भगवान और कानून दंड दे. हम विशेष प्रार्थना करते हैं कि हर बात में हमको जोड़ा न जाए, क्योंकि बहुत बड़ा परिवार है, गांव, छतरपुर जिला, इसलिए कुछ न कुछ होता ही रहता है. हम स्पष्ट कहते हैं कि हर बात में हमको जोड़ा न जाए. पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर पहले भी मारपीट से जुड़े मामलों में पहले भी आरोप लग चुके हैं. अब इस मामले की जांच के बाद ही असली जिम्मेदार का पता चलेगा.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!