सागर के सीएमएचओ दफ्तर में आधे कर्मचारी गायब: कलेक्टर के छापे में 42 में से 21 अनुपस्थित मिले

सागर ब्यूरो 
स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली में कसावट लाने के लिए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाही ने प्रशासन को भी चौंका दिया। उपस्थिति पंजी की जांच में 42 अधिकारियों और कर्मचारियों में से 21 कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। यानी कार्यालय का आधा स्टाफ ड्यूटी से नदारद था।
स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का तीन दिन का वेतन काटने तथा उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग में इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्थापना शाखा में कर्मचारियों के अवकाश, क्लेम और सर्विस बुक से जुड़े रिकॉर्ड देखे, जबकि लिपिक शाखा और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) इकाई में संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान फाइलों के रखरखाव और लंबित मामलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कर्मचारियों के अवकाश, क्लेम और अन्य प्रशासनिक मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने एनएचएम के तहत संचालित स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सीधे आम जनता और मरीजों से जुड़ा है। कार्यालय में आने वाले नागरिकों को किसी भी कार्य के लिए भटकना या परेशान नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने, कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा फाइलों का सुव्यवस्थित संधारण करने के निर्देश दिए।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!