रायसेन. एमपी के रायसेन जिले के बेगमगंज तहसील के कल्याणपुर गांव में बुधवार 17 जून की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक बिजली के हाईटेंशन पोल पर चढ़ गया. युवक की मांग थी कि उसकी शादी उसकी प्रेमिका से कराई जाए. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. युवक की पहचान छोटू आदिवासी के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार वह लंबे समय से एक युवती से प्रेम करता है और दोनों शादी करना चाहते हैं. युवक का आरोप है कि युवती के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ हैं. इसी बात से नाराज होकर उसने विरोध जताने के लिए यह खतरनाक कदम उठा लिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई.
गांव में घंटों चला समझाइश का दौर
स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक सुबह करीब पांच से छह बजे के बीच गांव के बाहर लगे 11 केवी बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गया था. जब ग्रामीणों ने उसे देखा तो तुरंत नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन उसने साफ मना कर दिया. युवक बार-बार यही कहता रहा कि जब तक उसकी शादी प्रेमिका से कराने का भरोसा नहीं दिया जाएगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा. स्थिति को गंभीर देखते हुए बिजली विभाग को भी सूचना दी गई. सुरक्षा के लिहाज से संबंधित लाइन पर विशेष निगरानी रखी गई ताकि कोई बड़ा हादसा न हो. पुलिस अधिकारियों ने युवक से बातचीत की और उसके परिवार वालों को भी मौके पर बुलाया. करीब तीन घंटे तक लगातार समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका.
सागर की है युवती
बताया जा रहा है कि युवक जिस युवती से शादी करना चाहता है, वह सागर जिले के खुरई क्षेत्र की रहने वाली है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है. घटना के बाद इलाके में इस बात की चर्चा है कि अगर समय रहते युवक को नहीं समझाया जाता तो एक बड़ा हादसा हो सकता था.










