छतरपुर। हाउसिंग बोर्ड विभाग में पदस्थ एक घूसखोर लेखापाल (अकाउंटेंट) को सागर लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथों दबोच लिया है। लोकायुक्त पुलिस ने यह पूरी कार्रवाई योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर (ट्रैप) की है, जिसमें आरोपी को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, एक पीड़ित की शिकायत के आधार पर सागर लोकायुक्त ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शिकायतकर्ता से किसी विभागीय काम के बदले लेखापाल द्वारा पैसों की मांग की जा रही थी, जिसकी भनक लोकायुक्त टीम को दी गई। आज जैसे ही लोकायुक्त टीम द्वारा तय की गई रणनीति के तहत शिकायतकर्ता ने लेखापाल को 4 हजार रुपए थमाए, वैसे ही पहले से तैयार लोकायुक्त के अधिकारियों ने उसे दबोच लिया। रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद लोकायुक्त की टीम आरोपी को लेकर हाउसिंग बोर्ड कार्यालय पहुंची, जहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्यालय के आवश्यक दस्तावेजों और फाइलों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। इस बड़ी कार्रवाई से छतरपुर के प्रशासनिक और शासकीय महकमों में हड़कंप मच गया है।










