नई दिल्ली. देश में 7 जून से घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है. पिछले तीन महीनों के भीतर रसोई गैस सिलेंडर के दामों में यह दूसरी बढ़ोतरी है. इससे पहले बीते 7 मार्च को सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये का तगड़ा इजाफा किया गया था. आज की वृद्धि के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर अब 942 रुपये हो गई है.
विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में आई उथल-पुथल के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतों में जो तेजी आई है, उसी का खामियाजा अब घरेलू उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है.
एलपीजी सिलेंडर पर राज्यों और शहरों के हिसाब से अलग-अलग लोकल टैक्स और ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट लगती है, जिसकी वजह से हर शहर में इसके रेट अलग होते हैं. यदि मेट्रो शहरों की बात करें, तो इस 29 रुपये की ताजा बढ़ोतरी से दिल्ली में सिलेंडर का भाव 942 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये है.
पटना में अब रसोई गैस का भाव सबसे ज्यादा 1069 रुपये हो गया है. रांची में घरेलू गैस सिलेंडर का रेट 1028.50 रुपये और शिमला में 1015.50 रुपये हो गया है. उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सिलेंडर की कीमत 1008.50 रुपये, कानपुर में 988.50 रुपये, और गाजियाबाद व नोएडा दोनों ही शहरों में 968.55 रुपये है. वहीं चंडीगढ़ में सिलेंडर 980.50 रुपये, गुरुग्राम में 979.50 रुपये, फरीदाबाद में 974 रुपये और मध्य प्रदेश के भोपाल व राजस्थान के जयपुर में गैस सिलेंडर का दाम 976.50 रुपये है










