सिवनी. एमपी के सिवनी जिले के खजरी गांव से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां शुक्रवार 22 मई की सुबह करीब 8 बजे एक शख्स ने अपने छोटे भाई की पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. आरोपी ने उसकी गर्दन, पेट, हाथ और कमर पर इतने वार किए कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद से आरोपी जेठ फरार है.
10 मई को ही हुआ था विवाह
घंसौर पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 23 वर्षीय सरिता मरकाम के रूप में हुई है. उसका विवाह महज 13 दिन पहले 10 मई को खजरी गांव के बबलू मरकाम से हुआ था. अभी उसकी मेहंदी का रंग छूटा भी नहीं था. घर में शादी की खुशियों का माहौल था, लेकिन शुक्रवार सुबह घर के भीतर ही इस खूनी खेल ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया.
बंद दरवाजे के पीछे घिनौनी करतूत
पति बबलू मरकाम ने पुलिस को बताया- मेरे बड़े भाई ने घर का दरवाजा बंद कर मेरी पत्नी के साथ रेप करने की कोशिश की. पत्नी विरोध किया तो वह गुस्से में अंधा हो गया. उसने कुल्हाड़ी उठाई और ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम अब्बू लाल मरकाम (35 वर्ष) है. वह सनकी और आपराधिक प्रवृत्ति का है. एक मामले में जेल भी जा चुका है.
फरार आरोपी की तलाश तेज
हत्याकांड की सूचना मिलते ही घंसौर पुलिस गांव पहुंची. पुलिस ने घटना स्थल को पूरी तरह सील कर वहां का निरीक्षण किया. फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस आरोपी के मानसिक बीमारी के दावे सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार जंगलों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.









