करनाल. हरियाणा के करनाल में मशहूर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा शुरू होने से पहले ही भारी बवाल मच गया. घरौंडा की नई अनाज मंडी में आयोजित इस कार्यक्रम में वीआईपी पास बांटने को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और मारपीट हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए. हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, शिव महापुराण कथा के लिए घरौंडा की नई अनाज मंडी में विशाल पंडाल सजाया गया है. यहां रोजाना कथा में प्रवेश के लिए अलग-अलग दिनों के हिसाब से वीआईपी पास जारी किए जा रहे थे. कार्यक्रम में सेवा कर रहे कुछ लोगों का सीधा आरोप है कि आयोजक पक्ष अपने करीबियों और चहेतों को प्राथमिकता देकर पास बांट रहे थे. इसी बात को लेकर लोगों में अंदर ही अंदर नाराजगी पनप रही थी, जिसने हिंसक रूप ले लिया और बात मारपीट तक पहुंच गई.
दुकान में घुसकर मारपीट और 6 लाख की लूट का आरोप
इस खूनी संघर्ष में एक पक्ष के दुकानदार अनुराग मित्तल ने दूसरे गुट पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि रोहित नाम का युवक दुकान के बाहर खड़े उनके चचेरे भाई अंकुश से बेवजह गाली-गलौज कर रहा था. बीच-बचाव के बाद बात शांत हो गई, लेकिन कुछ देर बाद रोहित अपने साथियों के साथ दुकान में घुस आया और दोनों भाइयों पर हमला कर दिया. अनुराग का आरोप है कि हमलावरों को पहले से पता था कि दुकान में कथा से जुड़ी करीब 6 लाख रुपये की दान राशि रखी है, जिसे वे इस हमले की आड़ में लूटकर फरार हो गए. हमले में घायल अनुराग और अंकुश को गंभीर हालत में करनाल के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया है.
दूसरे पक्ष ने लूट के आरोपों को बताया मनगढ़ंत
वहीं, दूसरे पक्ष के रोहित गुप्ता ने लूट के इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पूरी तरह झूठा करार दिया है. नगर खेड़ा सुधार समिति की ओर से कथा पंडाल में सेवा करने वाले रोहित का कहना है कि अनुराग मनमाने ढंग से वीआईपी पास जारी कर रहे थे, और जब उन्होंने पास मांगे तो विवाद शुरू कर दिया. रोहित ने आरोप लगाया कि पहले अंकुश ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और बाद में अपने साथियों के साथ आकर हमला कर दिया, जिसमें उनके भाई दिव्यम का हाथ कट गया है. दोनों पक्षों ने अपना-अपना मेडिकल कराकर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है, जिसके आधार पर पुलिस सच्चाई का पता लगाने में जुटी हुई है.


