शादी की जिद पर 150 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा युवक, मंत्री से फोन पर बात करते ही उतरा नीचे

दमोह. एमपी के दमोह जिले के फुटेराकलां गांव में मंगलवार 12 मई की सुबह एक युवक शादी की जिद पर 150 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ गया. करीब तीन घंटे तक वह टावर पर रहा, जिसके बाद पशुपालन मंत्री लखन पटेल से बात कराने के आश्वासन पर नीचे उतरा.

जिस समय युवक टावर पर चढ़ा था, उस दौरान सप्लाई बंद थी, जिससे उसकी जान बच गई. स्थानीय लोगों ने बिजली कंपनी को सूचना दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति स्थायी रूप से बंद कर दी गई. युवक को मानसिक विक्षिप्त बताया जा रहा है.

सुबह 8 बजे चढ़ा था टावर पर

यह घटना बटियागढ़ ब्लॉक के फुटेराकलां गांव की है. युवक की पहचान 30 वर्षीय गणेश पिता काशीराम पटेल के रूप में हुई है. सुबह करीब 8 बजे गणेश 33 केवी बिजली लाइन के टावर पर चढ़ा. स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी.

सुबह 11 बजे उतरा नीचे

सूचना मिलने पर बटियागढ़ तहसीलदार, टीआई और पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस और प्रशासन ने युवक को शादी कराने और मंत्री पशुपालन मंत्री लखन पटेल से बात कराने का आश्वासन दिया. इस आश्वासन के बाद वह दोपहर करीब 11 बजे टावर से नीचे उतरा. नीचे उतरने के बाद उसने मंत्री से फोन पर बात की और अपनी समस्याएं बताईं. युवक का कहना था कि उसकी शादी कराई जाए और उसे कुछ रोजगार दिलाया जाए.

मंत्री लखन पटेल से बात के बाद नीचे उतरा

स्थानीय निवासी अमित ने बताया कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है. वह शादी की जिद पर टावर पर चढ़ गया था. गनीमत रही बिजली बंद थी इसलिए उसकी जान बच गई. उन्होंने युवक से बात की और कहा कि वह पशुपालन मंत्री लखन पटेल से उसकी बात कराएंगे. ताकि उसकी शादी हो जाए और रोजगार का प्रबंध हो जाए. युवक ने यह बात मानी और वह नीचे उतर आया. इसके बाद मंत्री ने युवक से फोन पर बात की. मंत्री लखन पटेल को युवक ने बताया कि उसकी शादी नहीं हो रही है इसलिए उसकी शादी कराई जाए और रोजगार उपलब्ध कराया जाए. मंत्री ने उसे रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!