खिलाड़ियों के गर्लफ्रेंड कल्चर को लेकर बीसीसीआई की नींद उड़ी, नियम में होगा बदलाव

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट और आईपीएल में इन दिनों एक नया ट्रेंड तेजी से पनप रहा है, जिसने क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड  की नींद उड़ा दी है. आईपीएल 2026 के दौरान कई दिग्गज और युवा खिलाड़ी अपनी-अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूमते नजर आ रहे हैं. इस गर्लफ्रेंड कल्चर को लेकर अब बीसीसीआई ने सख्त रुख अपनाने का मन बना लिया है. जल्द ही खिलाडिय़ों की महिला मित्रों के टीम बस, स्टेडियम और होटल में साथ रुकने पर कड़ी पाबंदी लगाई जा सकती है. हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन और यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाडिय़ों की देखादेखी अब नए खिलाड़ी भी इस कल्चर का हिस्सा बन रहे हैं, जिस पर लगाम लगाने की तैयारी हो चुकी है.

सट्टेबाजी का डर और विवादों के साये में गर्लफ्रेंड कल्चर

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई इस मामले को लेकर बेहद गंभीर है. बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि खिलाडिय़ों की पत्नियों या परिवार के होटल में रुकने पर कोई ऐतराज नहीं है, लेकिन गर्लफ्रेंड के मामले में कड़े नियम बनाने की सख्त जरूरत है. दरअसल, बोर्ड की चिंता का सबसे बड़ा कारण यह है कि इनमें से कुछ महिला मित्र पहले सट्टेबाजी (बेटिंग) का प्रचार करने वाली वेबसाइटों से जुड़ी रही हैं. इसके अलावा, हाल ही में कुछ खिलाडिय़ों पर उनकी महिला मित्रों द्वारा केस दर्ज कराने के मामले भी सामने आए हैं, जिससे भारतीय क्रिकेट की छवि पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है.

ऑफिशियली अनाउंसड गर्लफ्रेंड का तर्क सुनकर अफसर हैरान

इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाला खुलासा तब हुआ जब बीसीसीआई के एक अधिकारी ने एंटी करप्शन यूनिट (एसीयू) से इस बारे में पूछताछ की. रिपोर्ट के मुताबिक, जब अधिकारी ने पूछा कि गर्लफ्रेंड को टीम होटल में रुकने की इजाजत कैसे मिल रही है, तो एसीयू का जवाब था कि उन्हें पत्नियों और ऑफिशियली अनाउंसड गर्लफ्रेंड को साथ रुकने की अनुमति देने को कहा गया है. यह सुनकर बीसीसीआई अधिकारी भी दंग रह गए कि आखिर यह ऑफिशियली अनाउंसड गर्लफ्रेंड का नियम आया कहां से, क्योंकि बोर्ड की तरफ से ऐसा कोई नियम कभी बनाया ही नहीं गया था.

इन स्टार खिलाडिय़ों की छिनेगी आजादी

इस खुलासे के बाद अब यह तय माना जा रहा है कि बीसीसीआई अपनी आगामी बैठक में इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा करेगा. किसी बड़े बवाल या फिक्सिंग जैसे विवाद से बचने के लिए अगले आईपीएल सीजन से पहले ही नए और कठोर नियम लागू किए जा सकते हैं. पहले आईपीएल के दौरान गर्लफ्रेंड को होटल में रुकने की अनुमति नहीं थी, लेकिन अब यह एक ट्रेंड बन गया है. अगर नए नियम लागू होते हैं, तो मौजूदा सीजन में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ खुलकर घूम रहे हार्दिक, ईशान, अर्शदीप और यशस्वी जैसे तमाम खिलाडिय़ों पर इसका सीधा असर पड़ेगा और उन्हें होटल और टीम बस में इस तरह की आजादी नहीं मिल पाएगी

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!