नई दिल्ली. मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच भारत के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. सातवां भारतीय ध्वज वाला एलपीजी टैंकर ‘ग्रीन सानवी सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर गया. इस दौरान ईरान ने भारत के लिए एक विशेष संदेश जारी कर दोनों देशों के ऐतिहासिक रिश्तों को याद किया. यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब वैश्विक तेल आपूर्ति पर संकट मंडरा रहा है और कई जहाज अब भी फंसे हुए हैं.
ईरान के मुंबई स्थित वाणिज्य दूतावास ने अपने संदेश में कहा, ‘भारत, और विशेष रूप से गुजरात, हमारे साझा इतिहास में एक गौरवशाली स्थान रखते हैं; क्योंकि सदियों पहले इन्होंने हमारी भूमि से आए लोगों का सहर्ष स्वागत किया था. ईरान ने कहा, इस अटूट सभ्यतागत बंधन को आधार बनाते हुए, हम मित्रता और सहयोग के संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. ईरान ने भारत, खासकर गुजरात, को साझा इतिहास का अहम हिस्सा बताया. यह बयान प्राचीन लोथल बंदरगाह की याद दिलाता है, जो हजारों साल पहले भारत और फारस के बीच व्यापार का प्रमुख केंद्र था.










