रायपुर. आईजी रतन लाल डांगी को पुलिस विभाग से निलंबित कर दिया गया है. सोशल मीडिया में उनके आपत्तिजनक फोटो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है. इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है.
आरोप है कि पुलिस विभाग में वरिष्ठ अधिकारी के गरिमापूर्ण पद पर रहते हुए उन्होंने पद के अनुरूप आचरण का प्रदर्शन नहीं किया. उनके द्वारा अशोभनीय एवं नैतिकता के प्रतिकूल आचरण, पद के प्रभाव का दुरुपयोग तथा स्थापित सांस्कृतिक मानकों का उल्लंघन किए जाने के आरोप लगे हैं.
आचरण नियमों के उल्लंघन का आरोप
प्रथम दृष्टया यह पाया गया है कि उनके कृत्य से अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के नियम 3(1-क)(i), नियम 3(2-ख)(vii) और नियम 17-क (दो) का उल्लंघन हुआ है. डांगी का उक्त कृत्य इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया में वायरल हुआ, जिससे सामान्य जनमानस में पुलिस की छवि धूमिल हुई.
विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित
उपरोक्त अनैतिक कृत्य के लिए रतन लाल डांगी को व्यक्तिगत स्तर पर जिम्मेदार माना गया है. उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है.










