भोपाल ब्यूरो
पंजाब के पटियाला की पुलिस ने दो साल पुराने दुष्कर्म केस में छह महीने से फरार चल रहे आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को मध्य प्रदेश के ग्वालियर-शिवपुरी बायपास से गिरफ्तार किया है। वे पंजाब की सनौर सीट से पहली बार विधायक बने थे। भगोड़ा घोषित किए जा चुके विधायक, जो ऑस्ट्रेलिया भाग गए थे, को पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए भारत लौटने के पांच दिन बाद, दो दिन के लगातार ऑपरेशन के बाद पकड़ा है। इस कार्रवाई के दौरान उनके तीन साथियों को भी हिरासत में लिया गया है। पटियाला पुलिस की टीम सभी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अपने साथ पंजाब ले गई है।










