सागर/ मध्य प्रदेश विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट के लोकप्रिय विधायक अजय सिंह राहुल भैया ने सागर प्रवास के दौरान पूर्व निगम अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ कटारे के निवास पर पहुंचकर उनकी भाभी व बड़े भाई के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की तथा उनके परिवार जनों से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ महेंद्र सिंह चौहान तथा प्रदेश सचिव राजभान सिंह भी उपस्थित थे।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने कहा कि कांग्रेस एक परिवार है और सुख-दुख में शामिल होना मजबूत परिवार का आधार होता है। उन्होंने कटारे परिवार के सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि त्रिलोकी कटारे और उनका परिवार कांग्रेस को हमेशा से मजबूती देने का काम करता आया है।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी, जिला ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा, शहर अध्यक्ष महेश जाटव, डॉ संदीप सबलोक, पार्षद रिचा सिंह, उमाशंकर खरया, द्वारका जड़िया, संजय कटारे, हिमांशु कटारे, राजनाथ कटारे, जयराम खटीक, साजिद राईन समेत परिवारजन उपस्थित थे।
बदमाशों के आतंक से पीड़ित पार्षद परिवार से मिले
अजय सिंह ‘राहुल भैया’ ने अपने सागर प्रवास के दौरान कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। राहुल भैया ने केशवगंज वार्ड की पार्षद नीलोफर चमन अंसारी के निवास पहुंचकर पिछले दिनों आपराधिक तत्वों द्वारा किए गए हमले की घटना की विस्तृत जानकारी ली और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
प्रशासनिक विफलता पर किया प्रहार:
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सागर में जिस तरह से आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और जनप्रतिनिधि तक सुरक्षित नहीं हैं, उससे साफ़ जाहिर होता है कि अपराधी तत्वों को सत्ताधारी दल का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि यदि शहर के चुने हुए प्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना करना भी मुश्किल है।अपराधियों के मन से कानून और प्रशासन का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है। अजय सिंह ने प्रशासन से मांग की कि इस तरह की घटनाओं में दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मुलाकात के दौरान प्रदेश कांग्रेस महासचिव व पूर्व जिला शहर अध्यक्ष रेखा चौधरी, पार्षद नीलोफर चमन अंसारी, डॉ संदीप सबलोक, चिंटू पाठक, शैलेंद्र कालपी, पार्षद रिचा सिंह, आदिल राईन, खलील अंसारी, गुलाब अंसारी, इमरान सरपंच, अहमद राईन, सलीम भाई, आशीष गुप्ता, जिया अंसारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और वार्डवासी उपस्थित थे।
राजेंद्र सिंह मोकलपुर को पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक अजय सिंह राहुल भैया ने प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ महेंद्र सिंह चौहान तथा प्रदेश सचिव राजभानन सिंह के साथ अपने पुराने सखा राजेंद्र सिंह मोकलपुर के निवास पर पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए अपनी विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्व मोकलपुर के पुत्र पुष्पेंद्र सिंह व अरविंद सिंह को ढाढस बंधाते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।
इस दौरान जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव अमित रामजी दुबे, प्रदेश प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक, नीरज मुखरया, पूर्व शहर अध्यक्ष राजकुमार पचौरी, वरिष्ठ नेता गुरजीत सिंह अहलूवालिया, पप्पू गुप्ता, सिंटू कटारे, रिंकू केसरवानी, प्रेम नारायण विश्वकर्मा, आनंद हेला, रीतेश राज गर्ग रिम्पी, राजेश उपाध्याय अनुराग मिश्रा अरविंद ठाकुर नीरज रैकवार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित थे।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जमना प्रसाद सोनी से दूरभाष पर चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा पार्टी के प्रति उनकी कर्मठता और समर्पण की सराहना करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी। उन्होंने उत्कृष्ट सामाजिक सेवाओं के लिए परितोष सिंटू कटारे को गणतंत्र दिवस सम्मान प्रदान करने के लिए कलेक्टर संदीप जी आर को मोबाइल फोन पर साधुवाद दिया।










