पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली, पुलिस जांच में जुटी

टीकमगढ़ संवाददाता 

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार को टीकमगढ़ में बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। उनकी बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उमिता राहुल लोधी के अनुसार, उन्होंने 21 फरवरी को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी। 22 फरवरी की रात लगभग 10:30 बजे ‘जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा’ नाम की आईडी से उस पोस्ट पर आपत्तिजनक और धमकी भरा कमेंट किया गया। कमेंट में उन्हें और उनके पति, पूर्व मंत्री राहुल लोधी को जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उन्होंने तुरंत उस कमेंट का स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया। आरोप है कि कमेंट के कुछ घंटों बाद दो नकाबपोश युवक उनके बंगले पर भी पहुंचे और धमकाने की कोशिश की।

बताया गया कि उसी रात करीब 11 बजे दो युवक चेहरा ढककर उनके देहात थाना क्षेत्र स्थित बंगले के सामने आए। उमिता लोधी ने उन्हें छज्जे से देखा। उन्हें देखते ही दोनों युवकों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दोहराई। शोर सुनकर अमर सिंह नामक व्यक्ति मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। चेहरा ढका होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। घटना की जानकारी तुरंत उनके पति को दी गई।

23 फरवरी को उमिता लोधी ने देहात थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 296 (बी), 351 (3) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, साथ ही साइबर सेल उस सोशल मीडिया आईडी की भी पड़ताल कर रही है, जिससे धमकी दी गई थी।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!