सागर ब्यूरो
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक शादी समारोह में गोली चलने से बैंड-बाजा वाले लड़के की मौत से हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, मोतीनगर स्थित सागर सरोज मैरिज गार्डन में सोनी परिवार का विवाह समारोह चल रहा था। बारात गोला कुआं से गार्डन की ओर बढ़ रही थी। बैंड पार्टी सबसे आगे चल रही थी। इसी दौरान भीड़ में शामिल एक युवक ने कट्टे से फायर कर दिया।गोली सीधे बैंड पार्टी के साथ चल रहे 15 वर्षीय विवेक बंसल के सीने में लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलते ही नाचते-गाते बारातियों में भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने फायरिंग करने वाले एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। विवेक के साथी उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे गंभीर हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि, बीएमसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली सीने के बेहद संवेदनशील हिस्से में लगी थी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हो गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना स्थल से वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे ड्रोन कैमरों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का मानना है कि ड्रोन फुटेज से यह साफ हो जाएगा कि गोली किसने और किस नीयत से चलाई थी।
परिजनों ने सड़क पर किया प्रदर्शन
विवेक अपने परिवार का इकलौता बेटा था और बैंड बजाकर घर की आर्थिक मदद करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल और थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर वे शांत हुए।







