सागर। मध्य प्रदेश कांग्रेस द्वारा जिला शहर कांग्रेस की नई संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर भाजपा के जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कांग्रेस की सूची पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे पार्टी की “देश विरोधी मानसिकता” का प्रमाण बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस उन तत्वों को संरक्षण दे रही है जो समाज में जहर घोलने का काम करते हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कड़े शब्दों में कहा कि शहर के बीचों-बीच “सिर तन से जुदा” जैसे हिंसक और देश विरोधी नारे लगाने वाले फिरदोस कुरैशी को महासचिव बनाना यह दर्शाता है कि कांग्रेस का हाथ अब अराजक तत्वों के साथ है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश की, उसे संगठन में महत्वपूर्ण पद से नवाजना सागर की शांतिप्रिय जनता का अपमान है।
जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा की स्वयं को मोहब्बत का ठेकेदार बताने वाली कांग्रेस आज अपराधी और अराजक तत्वों को पदों से सम्मानित कर रही है। यह कैसी मोहब्बत की दुकान है जहाँ नफरत फैलाने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है? कांग्रेस का असली ‘चाल, चरित्र और चेहरा’ आज जनता के सामने बेनकाब हो गया है।”











