सागर ब्यूरो
गणतंत्र दिवस के अवसर पर संभागीय मुख्यालय सागर के पुलिस प्रशिक्षण ग्राउंड सागर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षाेल्लास, देशभक्ति एवं गरिमामयी ढंग से मनाया गया। गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने झंडा वंदन किया और परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि श्री शुक्ल ने कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. और पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल के साथ श्वेत वाहन खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। परेड की टुकड़ियों ने अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने गगन में रंग-बिरंगे गुब्बारे मुक्त किए। गणतंत्र दिवस समारोह में पुलिस बल की टुकड़ियों ने हर्ष फायर किया एवं राष्ट्रगान की धुन के साथ तिरंगे झंडे को सलामी देने के लिए आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। परेड प्रस्तुति में राष्ट्रगान की धुन पर तीन बार हर्ष फायर किया गया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने गणतंत्र दिवस समारोह में लोकतंत्र सेनानियों, मीसाबंदी और बुंदेली अखाड़े का प्रशिक्षण देने वाले सागर नगर के प्रबुद्ध नागरिक श्री भगवानदास रैकवार, जिन्हें पद्मश्री सम्मान से भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा, को भी सम्मानित किया।
गणतंत्र दिवस समारोह में पुलिस बल और सशस्त बलों द्वारा आकर्षक परेड की प्रस्तुति दी गई। जिसमें विशेष सशस्त्र बल, जेएनपीए सागर, जिला पुलिस बल (महिला एवं पुरुष), पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया, होमगार्ड, 11 एमपी बटालियन एनसीसी (सीनियर बालक), 7 एमपी बटालियन एनसीसी (सीनियर बालिका), गाइड-स्काउट तथा पुलिस बैंड के प्लाटून ने सहभागिता की। परेड समारोह में परेड का नेेतृत्व 77वीं आर.आर. बटालियन प्लाटून कंमाडर श्री दीपांशु गुप्ता ने किया वहीं परेड कमांडर का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक जिला पुलिस बल सागर श्रीमती प्रतिमा जैन ने किया।
परेड में जी.एन.के.ए. सागर की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक श्री सुदर्शन सिंह, पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया सागर की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक श्री प्रणेन्द्र तिवारी, जिला पुलिस बल सागर (पुरुष) की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक श्री जयसिंह लोधी, जिला पुलिस बल सागर (महिला) की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक श्रीमती प्रतिमा जैन, होमगार्ड सागर की टुकड़ी का नेतृत्व पी.सी. श्री अनिमेष राजपूत, एनसीसी गर्ल्स की टुकड़ी का नेतृत्व सीनियर अंडर ऑफिसर कु. रक्षा लोधी, एनसीसी बालिका की टुकड़ी का नेतृत्व अंडर ऑफिसर श्री सतीष अहिरवार, शौर्य दल सागर की टुकड़ी का नेतृत्व सुश्री रीना लोधी तथा पुलिस बैंड प्लाटून सागर की टुकड़ी का नेतृत्व आरक्षक विवेक जैन जेएनपीए ने किया। मार्च पास्ट के पश्चात समारोह के मुख्य अतिथि ने मार्च पास्ट में भाग लेने वाले सभी कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए कहा कि भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के मंगल अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आज राष्ट्र के जन-गण-मन में देशभक्ति और देश के लिए गर्व का भाव सशक्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र का कुशलतापूर्वक नेतृत्व करते हुए पूरे विश्व में श्रेष्ठ छवि बनाई है। भारत को पूरी दुनिया में सम्मान की नजर से देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी के विकास के लिए आह्वान किया है। मध्यप्रदेश सरकार संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। ज्ञान के मंत्र की सिद्धि की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार ने चार मिशन युवा शक्ति, गरीब कल्याण, किसान कल्याण और नारी सशक्तिकरण प्रारंभ किए हैं।










