इंदौर ब्यूरो
इंदौर के रालामंडल क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन की मौत हो गई। साथ ही कार सवार दो अन्य युवाओं ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार कार में सवार चारों दोस्त प्रखर कासलीवाल का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। प्रखर ही कार चला रहा था। मृतकों की पहचान पूर्व मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा, प्रखर कासलीवाल और मनसिन्धु के रूप में हुई है। प्रेरणा की कुछ समय बाद शादी होने वाली थी। अनुष्का नामक युवती इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई है, उसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।










