भारत की बड़ी सफलता, स्क्वॉश में पहली बार जीता वर्ल्ड कप, 17 साल के अनाहत ने रचा इतिहास

चेन्नई.  चेन्नई के एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में रविवार का दिन भारतीय खेलों के सुनहरे इतिहास में दर्ज हो गया. भारतीय स्क्वॉश टीम ने अपने घर में खेलते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया और फाइनल में हॉन्ग कॉन्ग को धूल चटाकर पहली बार स्क्वॉश वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया.

खिताबी मुकाबले में भारत का दबदबा इस कदर रहा कि विरोधी टीम वापसी का एक मौका भी नहीं तलाश सकी. इस जीत के साथ ही भारत ने स्क्वॉश की दुनिया में अपना लोहा मनवाते हुए उन चुनिंदा देशों की सूची में जगह बना ली है, जिन्होंने यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी उठाई है.

फाइनल मुकाबले की शुरुआत भारत की अनुभवी स्टार जोशना चिनप्पा ने की. उन्होंने महिला सिंगल्स में अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल करते हुए वर्ल्ड नंबर 37 ली का यी को 3-1 से हराया और भारत को 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी. जोशना की इस जीत ने टीम के हौसले बुलंद कर दिए. इसके तुरंत बाद पुरुष सिंगल्स में भारत के शीर्ष रैंक वाले खिलाड़ी अभय सिंह कोर्ट पर उतरे. अभय ने आक्रामक खेल दिखाते हुए एलेक्स लाउ को सीधे सेटों में 3-0 से शिकस्त दी. अभय की इस जीत ने भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया, जिससे भारत ट्रॉफी के बेहद करीब पहुंच गया.

भारत की ऐतिहासिक जीत पर आखिरी मुहर लगाने का काम किया महज 17 साल की युवा सनसनी अनाहत सिंह ने. निर्णायक मुकाबले में जब सभी की निगाहें उन पर थीं, अनाहत ने गजब का संयम और कौशल दिखाया. उन्होंने वर्ल्ड नंबर 31 टोमाटो हो को 3-0 से हराकर भारत की झोली में स्वर्ण पदक डाल दिया. अनाहत की जीत के साथ ही भारत ने निर्णायक बढ़त बना ली और चौथे मैच की जरूरत ही नहीं पड़ी. यह जीत इसलिए भी मायने रखती है क्योंकि इससे पहले 2023 में भारत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था, लेकिन इस बार टीम ने अजेय रहते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!