नहीं मिला एक-दूजे का साथ, जुड़ने से पहले ही टूटा स्मृति -पलाश का रिश्ता..!

दिल्ली ब्यूरो

भारतीय महिला टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुछाल का रिश्ता आखिरकार टूट गया। मंधाना और मुछाल ने लगभग एक ही समय में इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर शादी रद्द होने का आधिकारिक एलान रविवार को किया। मंधाना और पलाश की शादी 23 नवंबर को महाराष्ट्र के सांगली में होनी थी और दो दिन पहले से शादी की रस्में शुरू हो गई थी। शादी टलने की खबर 23 नवंबर की शाम को आई थी। मंधाना और पलाश ने 17 दिन बाद चुप्पी तोड़ी और स्पष्ट किया कि शादी टूट गई है।
मंधाना ने सबसे पहले रविवार दोपहर एक बजकर आठ मिनट पर इंस्टाग्राम स्टोरी लगाई और पोस्ट किया कि उनकी शादी रद्द कर दी गई है। इसके ठीक चार मिनट बाद यानी एक बजकर 11 मिनट पर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया और बताया कि मंधाना के साथ उनकी शादी टूट गई है। मंधाना ने लिखा, पिछले कुछ सप्ताह से मेरे जीवन को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं और मुझे लगता है कि इस समय मेरे लिए खुलकर बोलना जरूरी है। मैं बहुत निजी इंसान हूं और मैं इसे इसी तरह रखना चाहती हूं, लेकिन मुझे यह स्पष्ट करना होगा कि शादी रद्द कर दी गई है। मैं इस मामले को यहीं समाप्त करना चाहती हूं और आप सभी से भी यही करने की विनती करती हूं। मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि इस समय दोनों परिवारों की निजता का सम्मान करें और हमें अपनी गति से आगे बढ़ने का समय दें।

मंधाना ने आगे लिखा, मेरा मानना है कि हम सभी के पीछे एक बड़ा उद्देश्य है और मेरे लिए वह उद्देश्य हमेशा अपने देश का सर्वोच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व करना रहा है। मैं उम्मीद करती हूं कि मैं भारत के लिए यथासंभव लंबे समय तक खेलती रहूं और ट्रॉफियां जीतती रहूं और मेरा ध्यान हमेशा इसी पर रहेगा। आप सभी के समर्थन के लिए धन्यवाद। अब आगे बढ़ने का समय है।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!