बागेश्वर महाराज ने कहा: इस बार 300 बेटियों के हाथ पीले करेंगे

छतरपुर। संतों की तपोस्थली बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अष्टम सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन होगा। इस बार 300 बेटियों को परिणय सूत्र में बांधा जाएगा। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने गुरु शिष्य मिलन कार्यक्रम के दौरान कहा कि बालाजी और सन्यासी बाबा की प्रेरणा से इस बार 50 अतिरिक्त बेटियों के साथ तीन सौ बेटियों के हाथ पीले किए जाएंगे। गत वर्ष 251 जोड़ो को परिणय सूत्र में बांधा गया था। महाराज श्री ने सभी शिष्य मंडल को बेटियों के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
बागेश्वर महाराज ने गुरु शिष्य सम्मेलन के अवसर पर घोषणा करते हुए कहा कि अष्टम सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में इस बार 300 बेटियों के घर बसाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यह संकल्प पूरा हो इसके लिए सभी शिष्य मंडल अपनी जिम्मेदारी निभाये। उन्होंने कहा कि बागेश्वर धाम की दान पेटी गरीब बेटियों का घर बसाने के लिए ही खोली जाती है। चढ़ोतरी में जो भी राशि आती है वह बेटियों को वैवाहिक जीवन में प्रवेश कराने में खर्च की जाती है। यदि देश के मंदिरों की दानपेटियां गरीब बेटियों का घर बसाने लगे तो कोई भी गरीब, बेटी को बोझ नहीं मानेगा। बागेश्वर धाम से अब तक हजारों बेटियों को विवाह के बंधन में बांधा जा चुका है। महाराज श्री ने सभी शिष्य मंडलों से कहा कि जल्द ही एक आयोजन रखा जाएगा जिसमें फिर से शिष्यों के साथ इत्मीनान से बैठकर बात होगी और भेंट होगी।
जिनकी दुकानें बंद हो रहीं वे साजिश में जुटे
बागेश्वर महाराज ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लेकर उनके विरोध में छद्म वीडियो जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन तांत्रिकों की दुकाने बंद हो रही है वे बौखला रहे हैं और फेक वीडियो के माध्यम से बदनाम करने की कोशिश में लगे हैं। महाराज श्री ने बताया कि ऐसा ज्ञात हुआ है कि देश विदेश के 22 लोगों की टीम दुष्प्रचार करने में लगी है। हालांकि ऐसे लोगों के खिलाफ एक्शन की भी तैयारी चल रही है। महाराज श्री ने कहा कि जैसे वे कमरे के अंदर है वैसे ही कमरे के बाहर हैं। अंदर बाहर कोई भेद नहीं है। जब उनसे ऐसा कोई काम ही नहीं होगा तो लोगों का विश्वास कैसे टूटेगा। उन्होंने कहा कि उनके पास हनुमान जी है इसलिए विधर्मियों की ताकत उनका बाल बांका नहीं कर पाएगी।
सनातन एकता पदयात्रा वैचारिक क्रांति की यात्रा है
बागेश्वर महाराज ने कहा कि सनातन हिंदू एकता पदयात्रा वैचारिक क्रांति की यात्रा है। जब हिंदू बचेगा तभी हिंदुस्तान बचेगा, इसलिए इस वैचारिक क्रांति की यात्रा में सबको साथ चलना है। उन्होंने शिष्य मंडलों का आह्वान किया कि वह 7 नवंबर से 16 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन जाने वाली इस पदयात्रा में न केवल स्वयं शामिल हो बल्कि अपने रिश्तेदारों, दोस्तों को भी शामिल करें। जब कभी बागेश्वर धाम का इतिहास लिखा जाएगा तो आप सबका भी नाम आएगा। आपकी आने वाली पीढ़ी इस बात की जरूर चर्चा करेगी की सनातन एकता पदयात्रा के लिए आपके घर से भी कोई निकला था।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!