दुबई. एशिया कप 2025 का फाइनल जीतने के बावजूद भारतीय टीम को ट्रॉफी नहीं मिल पाई, क्योंकि कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। जिसके बाद ट्राफी लेकर ही एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी होटल लेकर चले गये. जिसकी शिकायत बीसीसीआई, आईसीसी से करेगा.
मोहसिन नकवी पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं और भारत विरोधी बयानों के लिए जाने जाते हैं। भारत ने इसकी घोषणा काफी पहले ही कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद नकवी ट्रॉफी वितरण समारोह के दौरान स्टेज से नहीं हटे। अब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारतीय टीम का यह कदम पूरी तरह सही था और बोर्ड इस मामले को लेकर नवंबर में होने वाली आईसीसी की बैठक में बहुत मजबूत विरोध दर्ज कराएगा।
भारत उससे ट्रॉफी नहीं ले सकता
सैकिया ने कहा, जहां तक ट्रॉफी का सवाल है, भारत उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता जो हमारे देश के खिलाफ युद्ध छेड़े बैठा है। हमने ट्रॉफी नहीं ली, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई इसे और मेडल्स को अपने होटल ले जाए। यह बचकाना व्यवहार है और हम इसका विरोध करेंगे।
भारत ने 3-0 से पाकिस्तान को पटखनी
सैकिया ने भारतीय टीम की तारीफ करते हुए कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में सातों मैच जीते और पाकिस्तान को तीन बार हराया। उन्होंने कहा, यह टीम इंडिया के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस जीत ने देशवासियों को गर्व का एहसास कराया है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने सरकार की नीति के तहत ही टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, जब भी द्विपक्षीय सीरीज होती है, भारत पाकिस्तान से नहीं खेलता। लेकिन बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में, जैसे एशिया कप, हमें खेलना पड़ता है वरना अन्य खेलों में भी बैन लग सकता है।











