बीसीसीआई के नए अध्यक्ष के नाम का जल्द ऐलान, मिथुन को मिल सकता है जिम्मेदारी?

दिल्ली ब्यूरो

बीसीसीआई के नए अध्यक्ष के नाम का जल्द ऐलान हो सकता है। दिल्ली से खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के पूर्व बल्लेबाज मिथुन मनहास बीसीसीआई के नए अध्यक्ष बन सकते हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में हुई बीसीसीआई की बैठक में मनहास सबसे मजबूत उम्मीदवार के रूप में उभरे हैं। बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 21 सितंबर तय है, जबकि चुनाव 28 सितंबर को होंगे।

45 वर्षीय मिथुन मनहास का क्रिकेट करियर लंबा और सफल रहा है। उन्होंने 1997/98 सीजन में दिल्ली से अपने करियर की शुरुआत की। हालांकि, भारतीय टीम में उन्हें जगह नहीं मिल सकी क्योंकि उस दौर में सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गज बल्लेबाज टीम का हिस्सा थे।

इसके बावजूद, मनहास घरेलू क्रिकेट में बड़े खिलाड़ी के रूप में स्थापित हुए। उन्होंने दिल्ली रणजी टीम की कप्तानी भी की और शुरुआती दिनों में विराट कोहली ने उनके नेतृत्व में खेला। 2007-08 रणजी सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 921 रन बनाए और उनका औसत 57.56 का रहा। उसी सीजन में दिल्ली ने खिताब जीता था।
2015 में मनहास अपने गृहनगर जम्मू-कश्मीर लौट आए। उनके फर्स्ट क्लास करियर में 157 मैच, 9714 रन, और 27 शतक शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने 130 लिस्ट ए मैचों में 4126 रन और 91 टी20 मैचों में 1170 रन बनाए।
मिथुन मनहास को 2008 में पहले आईपीएल सीजन में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने खरीदा था। वे 2010 तक टीम का हिस्सा रहे। इसके बाद उन्होंने पुणे वॉरियर्स इंडिया और 2014 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भी खेला। आईपीएल में मनहास ने कुल 55 मैच खेले और 514 रन बनाए। उनका औसत 22.34 का रहा। मनहास का स्ट्राइक रेट 109.36 का रहा।
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद मनहास ने कोचिंग में हाथ आजमाया। उन्हें 2017 में पंजाब किंग्स का असिस्टेंट कोच बनाया गया। इसके बाद वे बांग्लादेश अंडर-19 टीम के बैटिंग कंसल्टेंट बने। दो साल तक वहां काम करने के बाद वे आईपीएल में वापस लौटे और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से जुड़ गए। मौजूदा समय में मनहास गुजरात टाइटंस के असिस्टेंट कोच हैं।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!