सागर। छुपकर लंगर डालकर, मीटर में छेड़खानी करके, स्वीकृत भार से ज्यादा उपयोग करना आदि विद्युत चोरी के अंतर्गत अनियमितताएं करने वालों की अब खैर नहीं है।
बिजली कंपनी द्वारा बिजली के अनाधिकृत उपयोग पर रोक लगाने हेतु ‘‘जनता की आडिट जनता के द्वारा जनता के लिए‘‘ कराये जाने तथा ईमानदार आम जन मानस को प्रोत्साहन देने एवं उन्हें सिस्टम में भागीदार बनाने हेतु ‘‘व्ही मित्र एप‘‘ बनाया गया है। इस एप को डाउनलोड करने पर 1 से 12 प्रकार की शिकायतें जो विद्युत चोरी के अंतर्गत आती है वो दर्शित होती है जिसके अंतर्गत 10 रूपये से लेकर 50 हजार रूपये तक का अवार्ड है।
सूचनाकर्ता द्वारा विद्युत के अनाधिकृत उपयोग की दी गई सूचना सही पाये जाने पर वह इनाम की राशि के हकदार हो जावेंगे। सूचनाकर्ता की पूरी जानकारी गोपनीय रखी जावेगी उसे अपना बैंक खाता नं. एप में स्थित । A/c काॅलम में भरना होगा जिससे इनाम की राशि डाली जावेगी व्ही मित्र एप मे संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध है।
सागर विजलेंस कार्यालय मे पदस्थ मुख्य अभियंता एम.के. अहिरवार ने (सागर क्षेत्र) दमोह, छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी एवं सागर की आम जनता से अपील की है कि वो व्ही मित्र एप को अपने मोबाईल में डाउनलोड कर अपनी सहभागिता से अधिक से अधिक सूचना देकर लखपति बनने के अवसर का लाभ उठाये। श्री अहिरवार ने जानकारी देते हुये बताया कि उक्त एप को अपने स्मार्ट फोन में प्ले स्टोर के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता है। एप से संबंधित जानकारी हेतु कार्यालयीन समय में मो.नं. 7489351883 एवे 8770388292 पर संपर्क किया जा सकता है।











