हरतालिका तीज का व्रत आज रखा जा रहा है, जो भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित है. इस दिन महिलाएं रात भर जागरण कर भगवान शिव और पार्वती जी की पूजा-अर्चना करती हैं. साथ ही, यह व्रत माता पार्वती ने भगवान शिव को पाने के लिए रखा था. हरतालिका तीज पर सुहागन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं.
हिंदू पंचांग के अनुसार, यह त्योहार भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है. इस दिन महिलाएं भगवान शिव और देवी पार्वती की पूरे विधि-विधान से पूजा करती हैं. यह पर्व विवाहित महिलाओं के साथ-साथ अविवाहित लड़कियों के लिए भी विशेष महत्व रखता है. विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि के लिए यह व्रत रखती हैं, जबकि अविवाहित कन्याएं मनचाहा जीवनसाथी पाने की कामना से यह व्रत रखती है.
हरतालिका तीज पर आज पूजन का मुहूर्त सुबह 5 बजकर 56 मिनट से शुरू होकर सुबह 8 बजकर 31 मिनट तक रहेगा, जिसमें पूजन के लिए कुल 2 घंटे 35 मिनट का समय मिलेगा. इसके अलावा, अभिजीत मुहूर्त में भी पूजन किया जा सकता है जो कि सुबह 11 बजकर 57 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 48 मिनट तक रहेगा. वहीं, तीसरा मुहूर्त विजय मुहूर्त रहेगा जो कि दोपहर 2 बजकर 31 मिनट से लेकर दोपहर 3 बजकर 23 मिनट तक रहेगा.
वहीं, हरतालिका तीज के व्रत का पारण अगले दिन किया जाता है और तीज के व्रत का पारण 27 अगस्त यानी कल होगा, जो सुबह 5 बजकर 57 मिनट पर होगा.











