रीवा. एमपी के पूर्व सीएम गोविंद नारायण सिंह की बेटी व पूर्व भाजपा विधायक धु्रव नारायणसिंह की बहन कुमुदनी सिंह के साथ रीवा के सिविल लाइन क्षेत्र में लूट की वारदात हुई. वारदात उस वक्त हुई है जब वे ट्रेन से उतरकर अपने घर जा रही थी.
कुमुदिनी सिंह बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से उतरकर सुबह घर जाने के लिए ऑटो में सवार हुई. आटो जब एजी कॉलेज के सामने से गुजर रहा था. इस दौरान बदमाशों ने झपट्टा मारकर एक व्यक्ति का मोबाइल छीन लिया. यह देखकर कुमुदिनी ने अपना बैग अपने और ड्राइवर के बीच रख लिया. इसके बाद भी बदमाशों ने कुमुदनी सिंह का भी बैग छीना और भाग निकले. लूट की घटना से कुमुदिनी सिंह डर गई. गौरतलब है कि लुटेरो ने इस जगह पर एक और महिला के साथ लूट की वारदात की थी. कुमुदनी सिंह ने परिजनों के साथ थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी. पीडि़ता के बैग में 30 हजार रुपए नगद थे. घबराई कुमुदनी सिंह ने कहा कि लूट की घटना से मेरे भीतर डर बैठ गया है. आज आभास हो रहा है कि मेरे साथ कुछ भी हो सकता है. उन्होने पुलिस अधिकारियों को यह भी बताया कि बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से आई और रीवा से अपनी कार से सफर करने का मन बनाया. जैसी ही ट्रेन से उतरी तो एक ऑटो वाले भैया आए. मैंने कहा मेरी कार आ रही है लेकिन उसने कहा कि मैं आगे तक छोड़ देता हूं. मैंने भी सोचा कि ठीक है जब तक कार नहीं आ जाती. तब तक थोड़ा शहर में कहीं बैठकर रेस्ट कर लेंगे, इसलिए रेलवे स्टेशन से चल पड़े, इस दौरान वारदात हो गई. गौरतलब है कि कुमुदिनी सिंह के पिता गोविंद नारायण सिंह मध्यप्रदेश के 6वें मुख्यमंत्री थे. वे 30 जुलाई 1967 से 12 मार्च 1969 तक प्रदेश के सीएम रहे. वहीं भाई हर्ष सिंह शिवराज कैबिनेट में मंत्री रह चुके हैं.











