सागर ब्यूरो
मध्यप्रदेश के सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात ऑटो चालक समीम खान (28) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। भोपाल रोड पर कुछ युवकों से विवाद के बाद आरोपी ने उस पर पेट में चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल समीम थाने तक पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
समीम खान कृषि मंडी के पास का रहने वाला था और ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार को वह दोपहर 1 बजे घर से निकला था। रात 12 बजे तक लौट आता था, लेकिन इस दिन भोपाल रोड पर मोतीनगर चौराहे के पास कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
थाने तक पहुंचा घायल समीम, इलाज के दौरान तोड़ा दम घायल अवस्था में समीम किसी तरह थाने पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर जाम लगा दिया।











