पत्नी से कलह के चलते भोपाल में टीआई ने खाया जहर, अस्पताल में भर्ती

भोपाल ब्यूरो 

भोपाल में निशातपुरा थाना प्रभारी रूपेश दुबे ने शनिवार देर रात पारिवारिक विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में भोपाल के नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे आईसीयू में हैं। जानकारी के अनुसार, दुबे का पत्नी से फोन पर विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
रूपेश दुबे वर्तमान में निशातपुरा थाने के प्रभारी हैं और थाने के पास ही एक किराये के कमरे में रहते हैं, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे कोलार स्थित उनके निजी मकान में रहते हैं। शनिवार रात पत्नी से फोन पर विवाद के बाद दुबे ने घर न आने की बात कही, जिसके बाद उन्होंने जहर खा लिया। पत्नी को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत थाने के स्टाफ को सूचना दी और थाने की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टीआई दुबे और उनकी पत्नी के बीच पिछले कुछ महीनों से मतभेद चल रहे थे। पारिवारिक कलह के चलते ही वे थाने के पास अलग किराए के कमरे में रह रहे थे। पहले भी दोनों के बीच विवाद की खबरें सामने आ चुकी हैं, हालांकि तब अधिकारियों की मध्यस्थता से मामला शांत हो गया था। शनिवार रात भी विवाद के दौरान दुबे ने जहर खाकर आत्महत्या करने की धमकी दी और जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। इसके बाद उनकी पत्नी कोलार से बच्चों के साथ निशातपुरा पहुंचीं और तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। फिलहाल पुलिस अधिकारी उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए पारिवारिक कारणों की भी गहराई से जांच कर रहे हैं।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!