सागर ब्यूरो
सागर लोकायुक्त ने शनिवार को कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी (एसएडीओ) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा हैं। वे एक-दो दिन बाद रिटायर होने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र बिल्हरा निवासी सुनील कुमार जैन की सागर शहर की बड़ी सब्जी मंडी में “कृषक खुशहाली” नामक कृषि दवाइयों की दुकान है। इस दुकान का लाइसेंस कृषि विभाग से जारी होता है और उसका नवीनीकरण लंबित था। साथ ही, पीसी (प्रिंसिपल सर्टिफिकेट) दर्ज करने और मक्का की सैंपल रिपोर्ट उनके पक्ष में देने के लिए आरोपी अधिकारी संतोष कुमार जैन, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी, द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। आवेदक ने 27 जून को इस रिश्वतखोरी की शिकायत लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त योगेश्वर शर्मा ने निरीक्षक के.पी.एस. बेन को जांच सौंपते हुए शिकायत का सत्यापन कराया। इस दौरान आरोपी ने पहले 10 हजार रुपये ले लिए और शेष 50 हजार रुपये की मांग की।










