जयपुर ब्यूरो
राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के नव नियुक्त अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने गुरुवार को मध्यान्ह पूर्व औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष कैलाश चंद मीणा ने उन्हें पदभार सौंपा। इस दौरान आयोग के सचिव रामनिवास मेहता ने साहू को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उत्कल रंजन साहू ने कहा कि आयोग का अध्यक्ष पद एक गंभीर और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे वे पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ निभाएंगे। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता परीक्षाओं और साक्षात्कारों का समयबद्ध और निष्पक्ष आयोजन करना होगा। उत्कल रंजन साहू ने यह भी कहा कि वे आयोग की कार्यप्रणाली, प्रक्रियाओं और चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा कर एक ठोस कार्ययोजना तैयार करेंगे। उत्कल रंजन साहू ने कहा कि आयोग की पारदर्शिता, निष्पक्षता और दक्षता को बरकरार रखते हुए वे तकनीकी नवाचार और प्रशासनिक सुधारों के माध्यम से परीक्षाओं की प्रक्रिया को और अधिक सुगम और अभ्यर्थी केंद्रित बनाने का प्रयास करेंगे











