प्रेमी संग भागी महिला, साथ में चार बच्चों को भी ले गई, ताजमहल से पति को भेजी रील

अलीगढ. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के रोरावर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी अपने चार बच्चों संग प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई. हैरान करने वाली बात यह है कि महिला ने आगरा में ताजमहल से अपने पति को एक वीडियो रील भी भेजी, जिसे देखकर पति के होश उड़ गए. पीड़ित पति ने अब थाने में पहुंचकर पत्नी के खिलाफ बच्चों और घर के सामान को लेकर जाने की शिकायत दर्ज कराई है.

जानकारी के अनुसार, रोरावर थाना क्षेत्र निवासी शाकिर मेहनत मजदूरी करता है. वह अपने परिवार में पत्नी, चार बच्चों और मां के साथ रहता है. मंगलवार को शाकिर अपनी मां के साथ एक रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था.

बुधवार को जब वह शादी से वापस लौटा तो घर पर ताला लगा देखकर हैरान रह गया. पड़ोसियों से पूछताछ करने पर पता चला कि उसकी पत्नी बच्चों को साथ लेकर कहीं गई है. पड़ोसियों के पास घर की चाबी थी, जिससे शाकिर ने घर खोला. घर में पत्नी और बच्चे नहीं मिले. शुरुआती तौर पर शाकिर को लगा कि उसकी पत्नी शायद अपने मायके गई होगी और जल्द लौट आएगी, लेकिन शुक्रवार को अचानक शाकिर के मोबाइल पर एक वीडियो रील पहुंची. यह रील उसकी पत्नी ने आगरा के ताजमहल से भेजी थी. रील में पत्नी अपने प्रेमी के साथ ताजमहल में घूमती नजर आ रही है और साथ में बच्चों की आवाज भी सुनाई दे रही है. इस रील को देखकर शाकिर के पैरों तले जमीन खिसक गई.

वीडियो देखते ही शाकिर तत्काल अपनी मां के साथ रोरावर थाने पहुंचा. उसने पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए बताया कि उसकी पत्नी चार बच्चों के अलावा घर में रखे 60 हजार रुपये नकद और जेवरात भी लेकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई है. उसने पत्नी द्वारा भेजी गई ताजमहल की रील भी पुलिस को दिखाई. शाकिर की शिकायत के आधार पर रोरावर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए महिला और बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस जल्द ही उन्हें बरामद करने का प्रयास कर रही है.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!