होटल में कपल को गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी, एएसपी-एसडीओपी समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। होटल में ठहरे बालिग युवक-युवती को कथित तौर पर गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने और होटल संचालक से अवैध वसूली के आरोपों ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। मामले का सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर एएसपी और एसडीओपी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।
मामला सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है। बताया गया है कि 13 नवंबर को पुलिस अधिकारी होटल पहुंचे थे, जहां एक बालिग युवक और युवती ठहरे हुए थे। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और उनके परिजनों को फोन लगाने के लिए कहा। युवक-युवती ने बताया कि वे बालिग हैं, एक ही जाति के हैं और शादी करना चाहते हैं। इस दौरान होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में पुलिस की बातचीत रिकॉर्ड हो गई। वायरल फुटेज में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा कथित तौर पर युवक के बैग में गांजा रखकर उसे मामले में फंसाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और उसकी मंशा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
मामले में होटल संचालक संजय सनोडिया ने भी पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि उनसे हर महीने 25-25 हजार रुपए की मांग की जाती थी। उन्होंने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक इंचार्ज विजय तिवारी पर अवैध वसूली के आरोप लगाए। होटल संचालक ने कुछ अधिकारियों को 10-10 हजार रुपए देने का दावा भी किया है। इन आरोपों की भी जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पहले कोतवाली टीआई समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर एएसपी और एसडीओपी समेत कुल छह पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि होटल में पुलिस किस आधार पर पहुंची थी, युवक-युवती के साथ पूछताछ के दौरान क्या नियमों का पालन किया गया और होटल संचालक द्वारा लगाए गए वसूली के आरोपों में कितनी सच्चाई है।
इस घटना ने पुलिस की जवाबदेही और आम नागरिकों के अधिकारों को लेकर बहस छेड़ दी है। सवाल यह है कि यदि कानून की रक्षा करने वाले ही कानून के दुरुपयोग के आरोपों में घिरें तो ऐसी घटनाओं पर जवाबदेही कैसे तय होगी। फिलहाल सभी आरोप जांच के दायरे में हैं और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट होगी।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें