सागर ब्यूरो
आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार (27 अक्टूबर) सुबह राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) विभाग के वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के ठिकानों पर दबिश दी. जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी ली जा रही है.
लोकायुक्त की शुरुआती जांच में अधिकारी की कुल आय 1 करोड़ 3 लाख 73 हजार 317 रुपए और व्यय 3 करोड़ 78 लाख 25 हजार 707 रुपए पाया गया. लोकायुक्त के अनुसार, यह व्यय उनकी ज्ञात आय का 364.64 प्रतिशत है. आय से अधिक व्यय 264.64 प्रतिशत है.
लोकायुक्त एसपी अंजूलता पटले को मनीष कुमार जैन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी. निरीक्षक बृज मोहन सिंह नरवरिया ने इसका सत्यापन किया. पहली नजर में ही शिकायत सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. मंगलवार, 27 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से छापेमारी शुरू हुई.
पत्नी और माता-पिता के नाम पर संपत्तियां
लोकायुक्त की जांच में अधिकारी, उनकी पत्नी निधि जैन, पिता कोमलचंद जैन और माता शशि जैन के नाम पर संपत्तियों की जानकारी मिली है. इनमें जबलपुर और भोपाल में जमीन, प्लॉट, बंगला और फ्लैट तथा सागर जिले के बंडा में प्लॉट पर बना मकान शामिल है. पत्नी के नाम पर मारुति स्विफ्ट कार और सुजुकी एक्सेस स्कूटर खरीदे जाने की जानकारी मिली है. अधिकारी और परिवार के सदस्यों के नाम पर बीमा पॉलिसियां भी हैं.
संपत्तियों और खर्च से जुड़े दस्तावेजों की जांच
मनीष कुमार जैन जबलपुर की रिलाएबल डेवलपर कॉलोनी में रहते हैं. वे वाणिज्यिक कर अधिकारी हैं और वर्तमान में दमोह में पदस्थ हैं. लोकायुक्त की टीमें संपत्तियों और खर्च से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही हैं. जांच पूरी होने पर संपत्तियों के वास्तविक मूल्य और आय के स्रोत स्पष्ट होंगे.










