नई दिल्ली. सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है. गुरुवार को कमजोर वैश्विक संकेतों और अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच घरेलू वायदा बाजार में दोनों कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना करीब 1.21 प्रतिशत गिरकर 1,44,308 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. वहीं, चांदी की कीमत 2.64 प्रतिशत टूटकर 2,03,647 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी दर्ज की गई. निवेशकों की सतर्कता, मुद्रा विनिमय दरों में बदलाव और ब्याज दरों को लेकर चिंताओं ने कीमती धातुओं की चाल को प्रभावित किया है.
सोना-चांदी का ताजा भाव क्या है?
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे तक उपलब्ध कारोबार के आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू वायदा बाजार में दोनों धातुओं की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई.
सोना: 1,44,308 रुपये प्रति 10 ग्राम
चांदी: 2,03,647 रुपये प्रति किलोग्राम
ये MCX के दिसंबर वायदा अनुबंधों के भाव हैं. स्थानीय सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतें शहर, शुद्धता, जीएसटी और अन्य शुल्कों के अनुसार अलग हो सकती हैं.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी टूटी कीमतें
कॉमेक्स में गुरुवार के शुरुआती कारोबार के दौरान सोना करीब 1.05 प्रतिशत गिरकर 4,106.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा. वहीं, चांदी में लगभग 2.24 प्रतिशत की गिरावट आई और इसका भाव 56.42 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया.
वैश्विक बाजार में कमजोरी का असर भारतीय वायदा कारोबार पर भी पड़ा. सोने के दिसंबर अनुबंध में पिछले बंद भाव 1,46,079 रुपये की तुलना में गिरावट के साथ कारोबार शुरू हुआ. दिन के दौरान भाव 1,44,196 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर तक पहुंच गया.
चांदी का दिसंबर वायदा अनुबंध पिछले बंद भाव 2,09,168 रुपये प्रति किलोग्राम से नीचे खुला. कारोबार के दौरान यह गिरकर 2,03,520 रुपये प्रति किलोग्राम तक आ गया.








