इंदौर. मध्यप्रदेश के इंदौर में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की ऊंचाई से गिरने के बाद मौत हो जाने से सनसनी फैल गई. घटना भंवरकुआं थाना क्षेत्र स्थित न्यू बर्ग कॉलोनी की है. गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों ने दावा किया है कि छात्रा परीक्षा के तनाव से जूझ रही थी, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
मृतक छात्रा की पहचान अवंतिका मौर्य के रूप में हुई है, जो मूल रूप से धार जिले की रहने वाली थी. वह इंदौर में अपनी बड़ी बहन के साथ रहकर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रही थी. घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले अवंतिका मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रही थी. परिजनों के मुताबिक बातचीत समाप्त होने के बाद वह इमारत के ऊपरी हिस्से की ओर चली गई. कुछ देर बाद तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. वहां अवंतिका गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली.
घटना की जानकारी मिलते ही उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया. हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया. इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के उसकी मौत हो गई. छात्रा की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है.
परिजनों का कहना है कि अवंतिका पिछले कुछ समय से नीट परीक्षा की तैयारी को लेकर मानसिक दबाव में थी. उनका मानना है कि पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा के तनाव ने उसकी मानसिक स्थिति को प्रभावित किया हो सकता है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि छात्रा के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है. साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड और उसके अंतिम समय में हुई बातचीत की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना पूरी तरह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं.
अवंतिका ऐसे परिवार से संबंध रखती थी, जहां चिकित्सा शिक्षा से गहरा जुड़ाव रहा है. उसकी बड़ी बहन डॉक्टर हैं और वर्तमान में पीजी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही हैं. वहीं उसके पिता भी चिकित्सक हैं और इन दिनों प्रशिक्षण कार्यक्रम के सिलसिले में इंदौर आए हुए थे. परिवार की इच्छा थी कि अवंतिका भी चिकित्सा क्षेत्र में अपना भविष्य बनाए और डॉक्टर बने.










