भोपाल. मध्य प्रदेश के आईपीएस अधिकारी संजीव कुमार कंचन की नाबालिग बेटी ने चार इमली के सरकारी आवास में खुदकुशी कर ली. सेकंड फ्लोर पर दुपट्टे से उसका शव लटका मिला. वो 11वीं क्लास में थी और घटना के दौरान घर में अकेली थी.
हबीबगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है. कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. थाना प्रभारी संजीव चौकसे का कहना है कि घटना के दौरान स्वजन घर में मौजूद नहीं थे. नौकर ने किशोरी को फंदे पर लटका देख सूचना दी थी. प्रारंभिक जांच में खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल सका है.
पीएचक्यू में एआईजी हैं संजीव कुमार कंचन
संजीव कुमार कंचन भोपाल पीएचक्यू में एआईजी हैं. वे चार इमली के सरकारी आवास में अपने परिवार के साथ रहते हैं. उनकी पत्नी भोपाल कोर्ट में जज हैं. एक बेटा भी है.
कुछ दिन पहले ही मनाया था बेटी का जन्मदिन
आईपीएस संजीव कुमार कंचन की बेटी का 17वां जन्मदिन कुछ दिन पहले ही मनाया था. जिस वक्त उनकी नाबालिग बेटी ने सुसाइड किया, उस समय पत्नी कोर्ट में थीं और बेटा भी बाहर था. नौकर ने दोपहर करीब 2 बजे बेटी का शव फांसी के फंदे पर लटका देखा तो फौरन संजीव कुमार को फोन किया.
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद से ही परिवार गहरे सदमे में है. पुलिस हर पहलू को स्पष्ट करने के लिए घर के नौकरों, मृतका के करीबी दोस्तों से पूछताछ कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही समय और स्थिति साफ होगी जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.










