घर आई ‘लक्ष्मी’ तो खुशियों को दिया सेवा का रंग: सेवानिवृत्त प्राचार्य ने NICU को भेंट किया इंटरनेट TV, नर्सों को बांटी साड़ियां

छतरपुर। बेटी के जन्म की खुशियां अक्सर घरों तक सीमित रह जाती हैं, लेकिन जिला अस्पताल में गुरुवार को एक परिवार ने इस खुशी को सामाजिक सरोकार से जोड़कर मिसाल पेश कर दी। सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. पुष्पा शशि सिंह के घर पोती के रूप में ‘लक्ष्मी’ के आगमन पर परिवार ने जिला अस्पताल की नवजात शिशु इकाई (NICU) को आधुनिक सुविधाओं का उपहार दिया और स्टाफ का सम्मान कर खुशियां साझा कीं।
डॉ. सिंह के पुत्र प्रत्यूष विक्रम सिंह और पुत्रवधू अवंतिका सिंह के यहां बेटी के जन्म के बाद परिवार जिला अस्पताल पहुंचा, जहां उन्होंने NICU के लिए पैनासोनिक इंटरनेट TV भेंट किया। यह टीवी CCTV मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा, जिससे नवजात शिशुओं की निगरानी और अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। अस्पताल स्टाफ का कहना है कि इससे ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और नर्सों को बच्चों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने में सहूलियत मिलेगी।
32 नर्सों और महिला स्टाफ का किया सम्मान
परिवार ने केवल उपकरण भेंट कर जिम्मेदारी पूरी नहीं की, बल्कि NICU और अस्पताल में सेवाएं दे रही 32 नर्सों एवं महिला कर्मचारियों को साड़ियां और मिठाइयां वितरित कर सम्मानित भी किया। डॉ. पुष्पा शशि सिंह ने कहा कि नवजात शिशुओं की देखभाल में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका सबसे अहम होती है। ये कर्मचारी दिन-रात सेवा में जुटे रहते हैं, इसलिए उनकी खुशी में उन्हें शामिल करना जरूरी था।
अस्पताल की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परिवार ने वार्ड के लिए शू-रैक भी उपलब्ध कराया, ताकि स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
सरकारी अस्पताल पर भरोसे की बनी मिसाल
ऐसे समय में जब अधिकांश लोग निजी अस्पतालों की ओर रुख करते हैं, डॉ. सिंह के परिवार ने शासकीय जिला अस्पताल पर भरोसा जताकर एक सकारात्मक संदेश दिया है। शहर में इस पहल की जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि बेटी के जन्म को इस तरह सेवा और सम्मान के साथ मनाना समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूती देता है।
इस दौरान जिला अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों ने नवजात शिशु को आशीर्वाद देते हुए परिवार की इस पहल को प्रेरणादायी बताया।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!