बॉलीवुड के दो बड़े सितारे शाहरुख खान और सैफ अली खान एक बार फिर साथ काम करते नजर आने वाले हैं। हालांकि इस बार दोनों की जोड़ी पर्दे पर अभिनेता के रूप में नहीं, बल्कि निर्माता और अभिनेता के रूप में देखने को मिलेगी। करीब 23 साल पहले करण जौहर की सुपरहिट फिल्म ‘कल हो ना हो’ में साथ नजर आए शाहरुख और सैफ अब नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘कर्तव्य’ के जरिए फिर जुड़े हैं। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान सैफ अली खान ने शाहरुख खान के साथ अपने लंबे रिश्ते और उनके काम करने के अंदाज को लेकर खुलकर बात की।
सैफ अली खान ने कहा कि शाहरुख खान के साथ उनका रिश्ता हमेशा बेहद अच्छा और खास रहा है। उन्होंने बताया कि वह शाहरुख को कई मायनों में बेहद सम्मान की नजर से देखते हैं। सैफ के मुताबिक शाहरुख ने उनसे एक छोटी मुलाकात के दौरान कहा था कि उनके पास एक शानदार स्क्रिप्ट है और वह चाहते हैं कि सैफ इसे सुनें और फिल्म का हिस्सा बनें। इसके बाद उन्होंने निर्देशक पुलकित से मुलाकात की और फिल्म की कहानी सुनी, जो उन्हें काफी पसंद आई।
सैफ ने बताया कि फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद जब शाहरुख खान ने फिल्म देखी तो उन्होंने इसकी काफी तारीफ की। सैफ के अनुसार शाहरुख ने फिल्म को बेहद खूबसूरत बताया और कहा कि वह इससे बहुत खुश हैं। अभिनेता ने यह भी कहा कि फिल्म को लेकर शाहरुख के साथ उनकी बातचीत यहीं तक सीमित रही, लेकिन इस छोटे से अनुभव ने भी उन्हें काफी प्रभावित किया।
सैफ अली खान ने शाहरुख खान के निर्माता वाले अंदाज की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि शाहरुख उन निर्माताओं में से हैं जो निर्देशक को पूरी रचनात्मक स्वतंत्रता देना पसंद करते हैं। सैफ के मुताबिक शाहरुख का मानना है कि निर्देशक को अपनी सोच और नजरिए के साथ फिल्म बनाने की पूरी आजादी मिलनी चाहिए। यही कारण था कि शूटिंग के दौरान शाहरुख सेट पर ज्यादा नजर नहीं आए









