जेल में परवान चढ़ा प्यार : सहायक जेल अधीक्षक ने आजीवन कारावास काट चुके युवक से रचाई शादी

रंजन न्यूज नेटवर्क, छतरपुर 
केंद्रीय जेल सतना में पदस्थ सहायक जेल अधीक्षक फिरोजा खातून निवासी रीवा ने हिंदू युवक धर्मेंद्र सिंह निवासी चंदला से मंगलवार को हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। यह शादी पूरे इलाके और जेल महकमे में चर्चा का विषय बनी रही। खास बात यह रही कि धर्मेंद्र सिंह वही युवक है, जो सतना जेल में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका था।
बताया जा रहा है कि जेल में ड्यूटी के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने समाज व परिवार की परवाह किए बिना शादी करने का फैसला लिया। विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ। विवाह में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कन्यादान की रस्म निभाई।
धर्मेंद्र सिंह वर्ष 2007 में नगर परिषद चंदला के उपाध्यक्ष कृष्णकांत दीक्षित हत्याकांड में आरोपी था। इस चर्चित मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। करीब 14 साल जेल में रहने के बाद अच्छे आचरण के आधार पर उसे रिहा किया गया था। बताया जा रहा है कि पिछले चार वर्षों से वह जेल से बाहर था।
क्या है पूरा मामला
सहायक जेल अधीक्षक फिरोजा खातून की मुलाकात जेल में ड्यूटी के दौरान धर्मेंद्र से हुई थी। महिला अधिकारी वार्ड प्रभारी थीं, जबकि धर्मेंद्र जेल में वार्ड का काम देखता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फिर दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया।
जेल में चर्चा का विषय रही शादी
जैसे ही शादी की खबर सामने आई, केंद्रीय जेल सतना में यह मामला चर्चा का विषय बन गया। कैदियों से लेकर अधिकारियों तक सभी इस विवाह को लेकर चर्चा करते रहे। लोगों का कहना है कि महिला अधिकारी ने ड्यूटी के साथ निजी जीवन में भी साहसिक फैसला लिया है।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!