नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सामाजिक रिश्तों और मर्यादाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अछनेरा थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ बच्चों की मां अपनी ही दामाद के साथ फरार हो गई. हैरानी की बात यह है कि आरोपी दामाद भी पांच बच्चों का पिता बताया जा रहा है. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, मामला एक पारिवारिक शादी समारोह के दौरान शुरू हुआ. दामाद अपनी ससुराल आया हुआ था. इसी दौरान उसने अपनी सास को खेत में मेहंदी तोडऩे के बहाने बुलाया. काफी देर तक दोनों के वापस न आने पर परिजनों को शक हुआ और वे मौके पर पहुंचे.
बताया जा रहा है कि परिजनों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया. पकड़े जाने के डर से दामाद अपनी सास को बाइक पर बैठाकर मौके से फरार हो गया.
12 साल पुराना बताया जा रहा संबंध
सूत्रों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब दोनों ने ऐसा कदम उठाया हो. करीब 12 साल पहले भी दोनों घर छोड़कर भाग गए थे. उस समय परिजनों ने काफी तलाश के बाद उन्हें दिल्ली से वापस लाकर मामला दबा दिया था. हालांकि, अब एक बार फिर वही घटना दोहराए जाने से परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
परिवारों पर पड़ा गहरा असर
इस घटना से दोनों परिवारों में भारी तनाव और सामाजिक बदनामी का माहौल है. महिला का पति, जो आठ बच्चों का पिता है, इस घटना से सदमे में है. वहीं दामाद की पत्नी और उसके बच्चे भी मानसिक रूप से प्रभावित बताए जा रहे हैं. गांव में इस रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
पुलिस कर रही जांच
महिला के पति ने थाना फरह में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें दामाद पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें पकडऩे का दावा किया जा रहा है.









