सागर ब्यूरो
सागर जिले के खुरई से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक परिवार के चार लोगों ने एक साथ आत्महत्या कर ली है। घटना खुरई शहरी थाना इलाके के टीहर गांव की है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। वहीं, चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है। आज सभी शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। हालांकि, अबतक आत्महत्या के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आत्महत्या करने वालों में शख्स की बुजुर्ग मां और उसके दो बच्चे शामिल हैं। वहीं, मृतक की पत्नी कुछ दिन पहले मायके गई हुई थी।
ये सनसनीखेज घटना शुक्रवार देर रात की है। जानकारी के अनुसार, मनोहर सिंह लोधी, उसकी 70 वर्षीय बुजुर्ग मां फूलरानी लोधी, उसकी 18 वर्षीय बेटी शिवानी और 16 वर्षीय बेटे अनिकेत ने आत्महत्या की है। बुजुर्ग फूलरानी और उसके पोते अनिकेत की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, शिवानी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। वहीं, मनोहर को गंभीर हालत में सागर जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।











