रांची. झारखंड के रांची में एक एएसआई और थाने के मुंशी के बीच मारपीट हो गई. मुंशी ने एएसआई की जमकर पिटाई कर दी, जिसके बाद थाना परिसर में खूब हंगामा हुआ और थाना जंग का मैदान बन गया. फिर ये मामला एसएसपी तक के पास पहुंच गया. दोनों के बीच थाने में बंद चोरों को छोड़े जाने को लेकर बहस शुरू हुई थी और फिर दोनों के बीच विवाद हो गया. इसमें थाना मुंशी ने एएसआई की पिटाई कर दी.
धुर्वा थाना में एएसआई सुदीन रविदास और थाने के मुंशी उदय शंकर यादव के बीच मारपीट हुई. एएसआई सुदीन रविदास ने रांची के एसएसपी सह डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा को शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि धुर्वा थाने के मुंशी उदय शंकर यादव ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की. दरअसल, यह घटना चोरी और छिनतई के आरोप में धुर्वा थाना में पकड़े गए 12 संदिग्धों में से आधा दर्जन संदिग्धों को बिना कारण थाना से छोडऩे पर, सवाल पूछे जाने के बाद हुआ था.
इस वजह से हुआ था दोनों के बीच विवाद
पीडि़त एएसआई ने बताया कि 27 जून को रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में ऐतिहासिक रथ मेला का आयोजन किया गया था. इसी मेले से चोरी और छिनतई करने के आरोप में 12 लोगों को पकड़ा गया था, जिन्हें धुर्वा थाना में बंद किया गया था. सभी संदिग्धों को जेल में बंद करने के बाद एएसआई सुदीन रविदास ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट गए थे. अगले दिन जब वह ड्यूटी पर लौटे तो उन्होंने देखा कि 12 में से आधे यानी 6 आरोपियों को थाना से बगैर किसी कारण बताएं मुंशी उदय शंकर यादव ने छोड़ दिया था.
इसी को लेकर एएसआई और मुंशी के बीच विवाद शुरू हुआ था. जब एएसआई ने उदय शंकर यादव से इसको लेकर सवाल किया तो वह आग बबूला हो गए और पुलिस पदाधिकारी एएसआई सुदीन रविदास के साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट में एएसआई बेहोश हो गए. हालांकि थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव किया और मामले को किसी तरह शांत कराया.











