भोपाल कार्यालय
मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना में जो महिलाएं अपना नाम नहीं जुड़वा पाई हैं. ये राहत की खबर उन्हीं के लिए है. इस योजना से वंचित रहीं इन महिलाओं को मौका देने मोहन सरकार जल्द पोर्टल दोबारा खोलने जा रही है. मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने इस बात की जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से अब तक वंचित रह गई महिलाओं को बड़ी राहत मिलने वाली है. मोहन सरकार योजना में छूट गई महिलाओं को योजना में जोडऩे की तैयारी कर रही है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐसी महिलाओं की संख्या जुटाने के साथ उनके पंजीयन की प्रक्रिया को भी निर्देशित किया है.
जल्द घोषित होगी रजिस्ट्रेशन की तारीख
स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल का कहना है कि जल्द ही योजना से छूटी हुई महिलाओं के नाम पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे. इसके लिए पोर्टल खोलने की तैयारी की जा रही है. मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहनों के खातों में राशि अंतरित करने के साथ ही योजना से छूट गई महिलाओं को जोडऩे की बात भी कही है. इसके पहले सरकार यह पता लगा रही है कि कितनी महिलाएं अब तक योजना में शामिल नहीं हो पाई हैं और उनका पंजीयन किस प्रक्रिया के तहत किया जा सकता है. योजना में नए नाम जोडऩे की तैयारी के बीच अभी पंजीयन की समय-सीमा घोषित नहीं की गई है. मंत्री के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने सबसे पहले छूटी हुई महिलाओं की संख्या का आकलन करने के निर्देश दिए हैं. इसके बाद पंजीयन की प्रक्रिया और पोर्टल खोलने की तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.








