नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित किया. कार्यक्रम के 138वें एपिसोड में पीएम मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक, आतंकवाद, जनगणना और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल समेत कई मुद्दों का जिक्र किया.
पीएम मोदी ने कहा कि 28 सितंबर को 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत अब वह भारत नहीं है, जो आतंकवाद को बर्दाश्त करे. आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रहा है और आतंकवादियों की ओर से भारत पर आंख उठाने पर करारा जवाब दिया जाएगा.
मन की बात के 138वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने 28-29 सितंबर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक को याद करते हुए कहा कि उस समय भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ सीमा पार जाकर जो शौर्य दिखाया, उसे देखकर दुनिया हैरान थी. उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक ने पूरी दुनिया के सामने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया.









